फफूंद। थाना क्षेत्र के द्वारिकापुर में बुधवार को विवाहिता अनुराधा का शव फंदे पर लटका मिला था। गुरुवार को चिचौली में पोस्टमार्टम के बाद मायके पक्ष के लोग शव अपने गांव नगला पाठक ले गए।
शाम को पुलिस की मौजूदगी में उसका अंतिम संस्कार करवाया गया। बता दें कि अनुराधा ने वर्ष 2023 में पास के गांव द्वारिकापुर निवासी ट्रक चालक अवधेश के साथ कोर्ट मैरिज की थी। बुधवार शाम को अनुराधा का शव कमरे के अंदर फंदे पर लटकता मिला था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव को फंदे से उतार कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा था।
मृतका के ससुर रामदत्त दोहरे ने बताया था कि बेटा कुछ दिन पहले ट्रक लेकर बाहर गया था। थाना प्रभारी जय प्रकाश पाल ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह हैंगिंग बताई गई है। मृतका के मायके पक्ष से तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।