औरैया। जिला अस्पताल में तैनात संविदा पर तैनात डॉक्टर की पत्नी का शव संदिग्ध हालात में फंदे से लटका मिला। पति व अन्य परिजन सुबह करीब पांच बजे फंदे से उतारकर उसे अस्पताल लाए। वहां डाॅक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पुलिस ने पहुंचकर जांच की और पति समेत अन्य परिजन के बयान लिए, हालांकि जांच में प्रथमदृष्टया घरेलू कलह की बात सामने आई है।
शहर के मोहल्ला बदनपुर ब्रह्मनगर निवासी डॉ. सचिन वर्मा शहर स्थित जिला अस्पताल में तैनात हैं। गुरुवार सुबह करीब पांच बजे सचिन पत्नी पूजा वर्मा (26) के कमरे में पहुंचा तो उसका शव साड़ी के फंदे से लटका मिला। जानकारी पर अन्य परिजन मौके पर पहुंच गए। उसे नीचे उतार कर जिला अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। अस्पताल में तैनात वार्ड बॉय आलोक कुमार ने जानकारी पुलिस को दी। कोतवाल राजकुमार सिंह फोर्स के साथ मौके पर गए। जांच में पति व अन्य परिजन ने बताया कि पूजा की शादी चार वर्ष पहले हुई थी। उनका एक बच्चा भी है।
बुधवार शाम खाने के बाद अपने कमरे में चली गई थी। फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच व साक्ष्य संकलित किए। पुलिस की प्राथमिक जांच में पति के शराब पीने की बात सामने आई है। इससे आए दिन दोनों में झगड़ा होता था। कोतवाल राजकुमार सिंह ने बताया कि छानबीन के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।