औरैया। सोमवार की शाम करीब चार बजे आई तेज आंधी में सुरान गांव में एक मकान की दीवार मय टिनशेड के ढह गई। हादसे में टिनशेड के नीचे बैठे पांच लोग मलबे में दब गए।
ग्रामीणों ने सभी घायलों को बाहर निकाला और उन्हें जिला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टर ने मंगलवार को भतीजे की बरात में शामिल होने आईं दूल्हे की बुआ मीरा देवी को मृत घोषित कर दिया। वहीं चारों घायलों का उपचार किया गया। सूचना पर कोतवाली पुलिस ने पहुंचकर जांच की।
गांव सुरान निवासी संजीव कुमार नागर के पुत्र अंशुल का विवाह मंगलवार को बिधूना के पुसौली निवासी संतोष नागर की पुत्री खुशबू के साथ होना है। एक दिन पहले बरात को लेकर घर में तैयारियां चल रही थीं। शाम करीब 4 बजे अचानक मौसम का मिजाज बिगड़ गया। तेज हवाओं के साथ धूल भरी आंधी चलने लगी। तेज आंधी चलने से पड़ोस के घर की दीवार गिर गई।
उसके बगल से सटकर पड़ी टिनशेड के नीचे बैठे रिश्तेदार सरिता देवी पत्नी रवि, दामाद आकाश, बहू नंदनी, मीरा (दूल्हे की बुआ) पत्नी कमलेश व कमलेश पुत्र रामबाबू दब गए। हादसे से वहां चीख पुकार सुनकर ग्रामीण व परिजन दौड़े। मलबे से लोगों को बाहर निकाला गया।
घायलावस्था में पांचों लोगों को जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां पर डॉक्टर ने बाबरपुर निवासी मीरा देवी (47) को मृत घोषित कर दिया। जबकि नंदनी को प्राथमिक उपचार के बाद रेफर किया।
परिजनों ने बताया कि मीरा देवी अपने भतीजे अंशुल की शादी समारोह में शामिल होने के लिए सुरान आईं थीं। सदर कोतवाल ललितेश कुमार ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। घटना की सूचना क्षेत्रीय लेखपाल को दी गई है।