युवक की मौत पर रोते-बिलखते परिजन
- फोटो : amarujala
सहार/बिधूना। बेला थाना क्षेत्र के नीमहार गांव में अपनी ससुराल आए एक युवक का शव गांव के बाहर पेड़ पर अंगौछे से लटका मिला। सुबह ग्रामीणों की नजर पड़ने पर उन्होंने युवक के ससुरालीजनों को सूचना दी। सूचना पर मौके पर पहुंचे ससुरालीजनों ने युवक की हत्या की आशंका जताई है। परिजनों ने तहरीर नहीं दी है।
औरैया कोतवाली क्षेत्र के ताल्हेपुर गांव निवासी मुकेश (45) की ससुराल बेला थाना क्षेत्र के नीमहार गांव में है। 6 अप्रैल को मुकेश अपने साले मोहनलाल की शादी की तैयारियों के लिए ससुर के बुलावे पर नीमहार गांव गया था। उसके ससुर वंशलाल ने बताया कि शादी के मद्देनजर घर में काफी काम बढ़ गया था। पुत्री रानी तो पिछले दिनों आ गई थी। दामाद को उन्होंने रिश्तेदारी में कार्ड बंटवाने के लिए बुलवा लिया था।
बताया कि रोज की तरह मुकेश शनिवार रात खाना खाकर ऊपर छत पर निकल गया। जहां पर फोन पर किसी से तेज आवाज में बात करने लगा। बात करने के लहजे से घर वालों ने अंदाज लगाया कि किसी से पैसों को लेकर गर्मा-गर्मी हो रही थी। बात करते-करते मुकेश घर से बाहर निकल गया। जब काफी देर होने के बाद मुकेश घर नहीं लौटा तो घर वालों ने अंदाज लगाया कि गांव के बाहर वाले घर में मुकेश सो गया होगा।
इस पर सभी आश्वस्त होकर सो गए। लेकिन सुबह गेहूं काटने को खेतों के लिए निकले किसान की नजर जब पेड़ से लटक रहे युवक पर पड़ी तो उन्होंने पास जाकर मुकेश के रूप में उसकी पहचान कर उसके ससुरालीजनों को सूचना दी। मुकेश का शव गांव से एक किलोमीटर दूर बेला रोड के पास खड़े बबूल के पेड़ पर अंगोछे से लटका हुआ मिला।
परिजनों ने घटनास्थल पर पहुंचकर यूपी-100 को सूचना दी। सूचना के आधे घंटे बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने शव को पेड़ से उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एसओ बेला दिनेश कुमार पांडेय ने बताया कि परिजनों की ओर से अभी कोई तहरीर नहीं मिली हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी।