गुरुवार की दोपहर बाद ओवर लोड ट्रक ने साइकिल सवार अधेड़ को रौंद दिया। हादसे में अधेड़ के दोनों पैर टूट गए। दिबियापुर सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद उसे सैफई रेफर कर दिया गया। ड्राइवर ट्रक को बीच सड़क पर छोड़कर भाग गया। पुलिस ने ट्रक को थाना में खड़ा करवा दिया है।
गुरुवार को दोपहर बाद लगभग तीन बजे नंदपुर बादशाहपुर छौंक निवासी अधेड़ अजब सिंह पुत्र बालकराम साइकिल से दिबियापुर जा रहे थे। सहायल मार्ग पर ग्राम उमरी के सामने एक तेज रफ्तार ओवर लोड ट्रक ने अजब सिंह को टक्कर मार दी। अजब सिंह साइकिल से गिर गए। इनके पैर ट्रक के पहिए के नीचे आ गए। ट्रक का पहिया चढ़ जाने से इनके दोनों पैर टूट गए। थानाध्यक्ष संतोष मिश्रा ने मौके पर पहुंचकर अजब सिंह को दिबियापुर सीएचसी में भिजवाया।
यहां प्राथमिक उपचार के बाद अजब सिंह को सैफई आयुर्विज्ञान संस्थान के लिए रेफर कर दिया गया। हादसे के बाद ड्राइवर ट्रक को सहायल दिबियापुर मार्ग पर छोड़कर भाग गया। थाना पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर थाने में खड़ा करवा दिया। परिजनों ने बताया कि कुछ दिनों पहले अजब सिंह के पुत्र का हाथ थ्रेसर से कट गया था। पूरे परिवार का अजब सिंह ही भरण पोषण कर रहे थे। गुरुवार को गांव में परिवार के एक बच्चे की छठी का कार्यक्रम था। अजब सिंह कार्यक्रम के लिए सामान लेने दिबियापुर जा रहे थे।