जिले में ईद उल अजहा (बकरीद) का त्यौहार अमन और अकीदत के साथ मनाया गया। इस मौके पर सुबह दोनों ईदगाहों पर मुस्लिम समुदाय के लोगों ने नमाज अदा की। वहीं ईद पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन चाक चौबंद दिखाई दिया।
नमाज अदा करने के बाद हिंदु- मुस्लिम समुदाय के लोगों ने एक-दूसरे के गले मिलकर ईद की बधाइयां दी। इसके बाद कुर्बानी का दौर चला, जिसमें मुस्लिमों ने अल्लाह की इबादत में कुर्बानी अदा की।
ईद उल अजहा के अवसर पर शहर के मुख्य जमालशाह स्थित ईदगाह पर फफूंद शरीफ से आए गुलाम समद मियां चिश्ती ने ईद की नमाज अदा कराई। वहीं खानपुर स्थित ईदगाह पर हाफिज अख्तर खां ने ईद उल अजहा की नमाज अदा कराई। इसके बाद हिन्दू- मुस्लिमों गले मिलकर एक-दूसरे को ईद की बधाइयां दी।
वहीं शहर काजी कारी आरिफ रहमानी ने बताया कि ईद उल अजहा के बारे में विस्तार से बताया। कहा कि अल्लाह जिसे बुलंदी देता है, उसका इम्तहान लेता है कि हमारी चाहत, उसके दिल में कहां तक है। वह माल की कुर्बानी दे सकता है या नहीं। उन्होंने कहा कि कुर्बानी से अल्लाह के प्रति दिल में जज्बा ए इमानी पैदा होता है।
अजीतमल प्रतिनिधि के अनुसार- नगर एवं आसपास के क्षेत्र में बकरीद त्यौहार बड़े ही हर्षोउल्लास से मनाया गया। लोगो ने एक दूसरे के गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी। बकरीद के चलते सुबह से ही ईदगाह अजीतमल, बाबरपुर पर नमाजियों की भीड़ एकत्रित हो गई। सुबह 8:30 बजे दो ईदगाहों पर नमाज अदा कराई गई।
नमाजियों एवं मौलवी ने मुल्क में अमन चैन की दुआ मांगी । शांति व्यवस्था बनाने में उप जिलाधिकरी राजेंद्र कुमार, कोतवाली प्रभारी अजय पाठक, एसआई चंद्रिका प्रसाद यादव के अलावा भारी फोर्स तैनात रहा ।
मुरादगंज प्रतिनिधि के अनुसार- कस्बे व आसपास के गांव में बकरीद पर्व हर्षोल्लास से मनाया गया। ईदगाह पर सुबह 8.30 मौलवी मोहम्मद महफिल उददीन ने नमाज अदा कराई।
इस मौके पर अमन चैन की दुआ मांगी। ग्राम दलेल नगर में हाफिज आरिफ उल्ला मौलवी ने नमाज अदा कराई, जिसमें मुगीश डा. जाकिर खां शहजान आदि मौजूद थे, इसमें बिरूहूनी चपटा सलैया बखरिया रोशंगपुर हैदरपुर कस्बा सहित कई गांव के लोग शामिल हुए।
नमाज के बाद एक -दूसरे को गले मिलकर दी मुबारकवाद- फफूंद । नगर एवं देहात क्षेत्र में पुरखुलूस मोहाल में बकरीद पर्व मनाया गया। सुबह आठ बजे ईदगाह पर हजारों मुस्लिमों ने बकरीद की नमाज अदा की।
ईदगाह में आस्ताना आलिया के सज्जादा नशीं हजरत मुहम्मद अख्तर मिंया चिश्ती ने नमाज अदा कराई। सुबह नौ बजे फफूंद स्थित आस्ताना आलिया पर मुहम्मद अतहर मियां चिश्ती ने बकरीद की नमाज अदा कराई। मोहल्ला बाबा का पुर्वा में स्थित मस्जिद पर सुबह 8.30 बजे मौलाना अबू वक्र कासिमी ने नमाज अदा कराई।
फफूंद नगर एवं क्षेत्र के तमाम मुस्लिमों ने बकरीद की नमाज ईदगाह, आस्ताना आलिया एवं मुहल्ला बाबा का पुर्वा मस्जिद में अदा की। नमाज बाद लोगों ने एक- दूसरे के गले मिलकर मुबारकबाद दी। त्योहार के अवसर पर सुरक्षा व्यवस्था, एवं सफाई व्यवस्था चाक चौबंद रही।