फोटो -23- क्रमिक अनशन पर अधिवक्ताओं के साथ बैठे व्यापारी नेता। संवाद
औरैया। मांगों को लेकर राजस्व अधिवक्ता एसोसिएशन का आंदोलन शनिवार को 20वें दिन भी जारी रहा।
तहसील परिसर में चल रहे क्रमिक अनशन में अधिवक्ताओं ने मांगें पूरी होने तक संघर्ष जारी रखने का संकल्प दोहराया। आंदोलन को शनिवार को जिले के व्यापारी संगठनों का भी समर्थन मिला। उन्होंने एक दिन के लिए बाजार बंद करने की बात कही।
क्रमिक अनशन के 20वें दिन अजीत यादव, अनुराग सिंह चौहान, अश्विनी चतुर्वेदी, जय नारायण शुक्ला और देवेंद्र कुमार दुबे धरने पर बैठे। इस दौरान प्रतिनिधि उद्योग व्यापार मंडल और भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारी भी धरना स्थल पहुंचे और अधिवक्ताओं के आंदोलन को अपना समर्थन दिया।
प्रतिनिधि उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष बृजेंद्र गुप्ता ने कहा कि अधिवक्ताओं की मांगें पूरी तरह न्यायोचित हैं। उन्होंने आंदोलन के समर्थन में एक दिन औरैया बाजार बंद रखने का भी एलान किया।
भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष अजय अग्रवाल ने भी अपने पदाधिकारियों के साथ पहुंचकर अधिवक्ताओं के संघर्ष को समर्थन देने की घोषणा की। राजस्व अधिवक्ता एसोसिएशन के अध्यक्ष सुशील कुमार पांडे ने कहा कि यह लड़ाई केवल अधिवक्ताओं की नहीं, बल्कि आम जनता के न्याय और सम्मान से जुड़ी है।
महामंत्री हरिभानु अवस्थी ने कहा कि जब तक मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक हड़ताल और क्रमिक अनशन जारी रहेगा। उन्होंने समर्थन देने वाले सभी व्यापारी संगठनों का आभार व्यक्त किया।