संवाद न्यूज एजेंसी
औरैया। सदर कोतवाली क्षेत्र के बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर एक तेज रफ्तार कंटेनर गुरुवार देर रात अनियंत्रित होकर पलट गया। मौके पर पहुंची यूपीडा टीम ने कंटेनर से चालक समेत दो लोगों को बाहर निकालते हुए घायल हालत में 50 शैया जिला अस्पताल भिजवाया। जहां चालक ने दम तोड़ दिया।
बुलंदशहर के खुर्जा निवासी आकिर (38) पुत्र मकसूद खान अपने चचेरे भाई शाकिब पुत्र ममू खान के साथ कंटेनर में था। दोनों गुरुवार तड़के क्राॅकरी का सामान लेकर बुलंदशहर से राठ के लिए निकले थे। देर रात सदर कोतवाली क्षेत्र के बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर मिहौली के समीप कंटेनर अनियंत्रित होकर पलट गया। इससे कंटेनर में मौजूद आकिर व शाकिब केबिन में फंस गए। पेट्रोलिंग करते हुए पहुंची यूपीडा की टीम ने दोनों को बाहर निकाला।
इसके बाद एंबुलेंस से दोनों को 50 शैया जिला अस्पताल भिजवाया। क्रेन की मदद से कंटेनर को सड़क से किनारे खड़ा कराया गया। वहीं सूचना पर पहुंची सदर कोतवाली पुलिस ने घायलों की जानकारी करते हुए परिजनों को सूचना दी। जिला अस्पताल पहुंचे आकिर को डाॅक्टर ने देखते ही मृत घोषित कर दिया। सदर कोतवाल भूपेंद्र राठी ने बताया कि कंटेनर चालक ने दम तोड़ दिया था। देर रात अचानक कंटेनर पलटा था। चालक की आंख लग जाने का अंदेशा जताया जा रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।