एरवाकटरा। गांव रानीपुर दत्त में बुधवार तड़के तीन बजे एक कच्चे कमरे की छत भरभराकर गिर गई। गनीमत यह रही कि पूरा परिवार टिनशेड के नीचे लेटा था। इससे वो बाल-बाल बच गया। परिवार मलबे में दबा गृहस्थी का सामान निकालने में जुट गया।
ब्लॉक एरवाकटरा की ग्राम पंचायत रघुनाथपुर का मजरा रानीपुर दत्त निवासी शिवम भदौरिया मंगलवार शाम खाने के बाद घर के बाहर टिनशेड के नीचे पूरा परिवार सोया था। बुधवार तड़के करीब तीन बजे अचानक तेज आवाज से भरभराकर कच्चे घर की छत ढह गई। आवाज सुन शिवम व उसकी पत्नी दीपा मौके पर पहुंचे तो कच्चे कमरे की छत गिरी मिली। गनीमत रही कि परिवार वहां नहीं सोया था। बड़ा हादसा टल गया।
हादसे में कमरे में रखी गृहस्थी का सामान दब गया। जानकारी पर पड़ोसी मौके पर इकट्ठा हो गए। प्रधान विनय शाक्य का कहना है कि घटना की जानकारी लेखपाल को दे दी गई है। क्षति का आकलन कराने के बाद मदद कराई जाएगी।