फफूंद मार्ग पर भरे पानी से निकलते वाहन।
- फोटो : फफूंद मार्ग पर भरे पानी से निकलते वाहन।
फफूंद। क्षेत्र के गांव शेरपुर सरैया में 10 साल से अधूरी पड़ी सड़क बारिश होने से तालाब में तब्दील हो गई। गहरे गड्ढे में वाहन फंसने से जाम लग गया। इससे वाहन घंटों जाम में फंसे रहे।
फफूंद-औरैया मार्ग फोरलेन रोड बन गया है, लेकिन गांव देवरपुर व शेरपुर सरैया में यह सड़क 10 साल से अधूरी पड़ी है। दोनों गावों में अधूरी पड़ी इस सड़क पर बड़े-बड़े गहरे गड्ढे हैं। इन दिनों बारिश होने से गड्ढों में पानी भर गया। इससे सड़क की जगह तालाब नजर आ रहा है।
सोमवार को औरैया फफूंद रोड पर बरसात का पानी गड्ढों में भरा होने से वाहन चालक गहराई का अंदाजा नहीं लगा सके। इससे कई बाइक सवार गिर गए और अन्य वाहन भी गड्ढे में फंसने से जाम लग गया।
इससे राहगीरों व वाहन चालकों को घंटों फंसकर मुसीबत का सामना करना पड़ा। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत कर किसी तरह जाम खुलवाया। इसके बावजूद कोई अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है। बरसात में इस सड़क से निकलना काफी जोखिम भरा है।