औरैया। गैंगस्टर मामले में पूर्व एमएलसी की सजा पूरी होने में अभी समय बाकी है तो वहीं अन्य दोषियों की सजा पूरी हो चुकी है। लेकिन इसके बाद अभी सभी की रिहाई आसान नहीं होगी। दरअसल, दोहरे हत्याकांड में अभी सुनवाई चल रही है, इसके चलते रिहाई में पेंच फंस सकता है।
फैसले के बाद पैरवीकार अनूप कुमार ने स्पष्ट किया कि कमलेश पाठक की जेल से रिहाई में अभी लंबा समय लगेगा। जानकारी के अनुसार, इस मामले में कमलेश पाठक और अन्य को 21 जुलाई 2020 को बी वारंट के माध्यम से निरुद्ध किया गया था। इस आधार पर कमलेश पाठक की सजा की अवधि 21 जुलाई 2026 को पूरी होगी जिसके बाद ही वह जेल से बाहर आ सकेंगे। वहीं अन्य आठ आरोपियों की पांच साल की सजा पूरी हो चुकी है लेकिन ये सभी भी दोहरे हत्याकांड में आरोपी हैं, जिसके कारण उनकी रिहाई भी अभी संभव नहीं है।