बिधूना। ब्लॉक क्षेत्र के पूर्वा मूले गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय में पुराना शौचालय कंडम घोषित हो चुका है और कायाकल्प के तहत बना नया शौचालय अधूरा है। इससे छात्र-छात्राओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नए शौचालय में अभी तक सीट और पानी की व्यवस्था नहीं की गई है।
प्रधानाचार्य प्रीति राजावत ने अधिकारियों और ग्राम प्रधान को कई बार पत्राचार से अवगत कराया है। हाल ही में ब्लॉक स्तर के कर्मचारियों ने निरीक्षण किया, लेकिन व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ। प्रधान पुष्पा देवी के पति बलदेव सिंह ने बारिश से काम प्रभावित होने की बात कही। उन्होंने एक-दो दिन में शौचालय का काम पूरा कराने और टाइल्स व सीटें लगवाने का आश्वासन दिया।
विमटामऊ के मजरा नौगवां स्थित प्राथमिक विद्यालय में भी कई अव्यवस्थाएं हैं। यहां बाउंड्रीवाल एक स्थान पर टूटी है, जिससे आसपास के लोग स्कूल परिसर में मवेशी बांध रहे हैं। ऐसे में मवेशियों के बच्चों को चोट पहुंचाने का खतरा रहता है। बीईओ अल्केश कुमार सक्लेचा ने दोनों स्कूलों का निरीक्षण कर जानकारी लेने की बात कही। उन्होंने बताया कि शौचालय आदि की व्यवस्था प्राथमिकता के तहत जल्द पूरी कराई जाएगी और नौगवां स्कूल की टूटी बाउंड्रीवाल को दुरुस्त कराया जाएगा।