अजीतमल। थाना दिवस में बहू-बेटे की शिकायत कर घर लौट रहे बुजुर्ग अमृतलाल मोपेड बेकाबू होने से शुक्रवार को घायल हो गए थे। रविवार की रात उन्होंने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। आरोप है कि वह बहू-बेटे से परेशान थे।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम अनंतराम निवासी अमृतलाल का दुर्घटना के बाद इलाज चल रहा था। रविवार देर रात इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। अमृतलाल अपने पुत्र और बहू से परेशान होकर शुक्रवार को अजीतमल में लगे थाना दिवस में शिकायत करने गए थे। वहां से अपनी मोपेड से घर लौट रहे थे। तभी क्षेत्र के सिकरोड़ी मोड़ के पास अचानक मोपेड बेकाबू होकर हाईवे किनारे खड्ड में जा गिरी थी।
राहगीरों ने उन्हें सीएचसी अजीतमल में भर्ती कराया था। वहां से डाॅक्टर ने उन्हें गंभीर हालत में सैफई रेफर कर दिया था। आराम न मिलने पर परिजन उन्हें रविवार की रात सैफई से दिल्ली ले जा रहे थे। बीच रास्ते में उन्होंने दम तोड़ दिया। अनंतराम चौकी प्रभारी सुधीर भारद्वाज ने बताया कि परिजनों ने अभी तक कोई सूचना नहीं दी गई है।