औरैया। विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण और मतदेय स्थलों के संभाजन (मतदान केंद्रों का पुनर्गठन) के बाद जिले में 48 मतदेय स्थल कम हो गए हैं। पहले जिले में 1300 मतदेय स्थल थे, जिनकी संख्या अब घटकर 1252 रह गई है। मतदान केंद्रों की संख्या भी 855 से घटकर 854 हो गई है। ऐसे में मतदाताओं को अपने मतदान स्थल की जानकारी रखना जरूरी होगा, ताकि चुनाव के समय उन्हें भटकना न पड़े।
शुक्रवार को कलेक्ट्रेट स्थित मानस सभागार में जिला निर्वाचन अधिकारी बृजेश कुमार की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक हुई। इसमें उन्होंने बताया कि विधानसभा क्षेत्र 202 बिधूना में पहले 287 मतदान केंद्रों पर 471 मतदेय स्थल थे। संभाजन के बाद अब 289 मतदान केंद्र और 459 मतदेय स्थल रह गए हैं।
विधानसभा क्षेत्र 203 दिबियापुर में 290 मतदान केंद्र और 410 मतदेय स्थलों की जगह अब 289 मतदान केंद्र और 394 मतदेय स्थल हैं। वहीं, विधानसभा क्षेत्र 204 औरैया में पहले 278 मतदान केंद्र और 419 मतदेय स्थल थे, जो अब घटकर क्रमश: 276 और 399 रह गए हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं को मतदान स्थल में हुए बदलाव की जानकारी देंगे।
राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से भी अपने बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) के माध्यम से मतदाताओं तक सूचना पहुंचाने की अपील की गई। इसके अलावा एक जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं, नवविवाहित महिलाओं और छूटे हुए मतदाताओं को मतदाता सूची में शामिल करने का अभियान चलाया जा रहा है।
इसके लिए आशा, एएनएम, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और स्वयं सहायता समूह की महिलाओं का सहयोग लिया जा रहा है। मतदाता सूची में दोहरी प्रविष्टियों को रोकने के लिए निर्वाचन आयोग ने पोर्टल पर भी व्यवस्था की है। बैठक में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि और संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।