जख्मी मोर को ले जाते वन रक्षक और ग्रामीण।
- फोटो : जख्मी मोर को ले जाते वन रक्षक और ग्रामीण।
फफूंद। कस्बे के मोहल्ला कटरा मनेपुर में पेड़ के नीचे बैठे एक मोर को कुत्तों ने दबोच लिया। इससे वह बुरी तरह जख्मी हो गया। उसे बचाने के लिए बंदरों के झुंड ने कुत्तों पर हमला कर उन्हें खदेड़ दिया।
बाद में मोहल्ले के लोगों ने घायल मोर का इलाज कर वनरक्षक को सौंप दिया। मामला सोमवार की सुबह का है। फफूंद कस्बे के कटरा मनेपुर में एक पेड़ के नीचे राष्ट्रीय पक्षी मोर बैठा था। लोगों के मुताबिक तभी कुत्तों ने उसे पकड़ लिया और बुरी तरह जख्मी कर दिया।
मोर को कुत्तों से घिरा देख आसपास के पेड़ों पर बैठा बंदरों का झुंड दौड़ पड़ा और कुत्तों पर हमला कर दिया। कुछ बंदर मोर को चारों ओर से घेरे थे और कुछ बंदर कुत्तों पर हमला कर रहे थे। इससे कुत्ते भाग गए।
उधर, बंदरों की आवाज सुन आसपास रहने वाले राधेलाल, सर्वेश शर्मा, छोटे ठाकुर, प्रदीप आदि मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने जख्मी मोर को घर ले जाकर उसका इलाज किया। सूचना पर वनरक्षक राहुल पचौरी ने पहुंचकर मोर को अपनी सुपुर्दगी में लिया और इलाज के लिए भाग्यनगर स्थित पशु अस्पताल ले गए।