अस्पताल परिसर में खड़ा पानी भरा टैंकर। संवाद
- फोटो : AURAIYA
औरैया। शहर में संचालित 50 शैया युक्त जिला अस्पताल में स्थित ट्यूबवेल की मोटर शुक्रवार को बोरवेल में गिर जाने से मरीजों व अस्पताल में रहने वाले कर्मचारियों के लिए पेयजल का संकट बना है। हालांकि अस्पताल प्रशासन ने नगर पालिका से टैंकर मंगाकर पानी उपलब्ध कराया है।
शुक्रवार को 50 शैया युक्त अस्पताल में पानी की आपूर्ति के लिए बने ट्यूबवेल की मोटर अचानक से बोरवेल में गिर गई। जिससे पानी को लेकर त्राहि-त्राहि मच गई। हालांकि अस्पताल कर्मियों ने दूसरी मोटर डालकर पाइप के माध्यम से लोगों को पानी उपलब्ध कराया पर इससे समस्या का समाधान नहीं हो सका।
अस्पताल में पानी की आपूर्ति न पहुंच पाने के कारण अस्पताल में भर्ती मरीजों के अलावा अन्य आने जाने वालों के सामने पानी के संकट करना पड़ा। इस बीच अस्पताल प्रशासन की ओर से बोरवेल में गिरी मोटर को निकलवाने के लिए ट्यूबवेल इंजीनियरों को बुलाया भी गया, लेकिन उनकी ओर से व्यस्तता बताते हुए रविवार को काम शुरू करने की बात कहे जाने से अस्पताल प्रशासन के सामने दूसरे दिन शनिवार को भी समस्या रही।
इस बीच शनिवार को पानी की ज्यादा समस्या होते देख नगर पालिका प्रशासन से टैंकर मंगाकर परिसर में खड़ा करा दिया गया। जिससे लोगों को काफी राहत मिली। 50 शैया युक्त जिला अस्पताल की प्रभारी सीएमएस डॉ.सीमा अग्रवाल ट्यूबवेल के बोरवेल में गिरी मोटर को निकलवाने के पूरे प्रयास किए जा रहे हैं। पानी की कमी को दूर करने के लिए पालिका से टैंकर मंगा कर मरीजों की समस्या को भी दूर किया गया है। रविवार बोरवेल की मोटर निकालवा कर ठीक कराई जाएगी।