एरवाकटरा (औरैया)। शादी के कुछ दिन बाद पति को पत्नी के प्रेमी से बात करने की भनक लग गई। इसपर पति ने महिला से मिलने आए उसके प्रेमी के साथ मारपीट कर दी। साथ ही प्रेमी के साथ आए एक युवक को बंधक बनाकर साथ ले गया।
घटना की जानकारी होने पर पुलिस युवक को खोजती रही। शाम को युवक सुरक्षित घर पहुंच गया। पुलिस ने मामले में प्रेमी और महिला के पति समेत आठ लोगों पर शांतिभंग की कार्रवाई की है।
कन्नौज के सौरिख थाने के एक गांव निवासी युवती की शादी 14 अप्रैल को एरवाकटरा थाने के एक गांव निवासी युवक के साथ हुई थी। महिला पति के फोन के जरिए प्रेमी से संपर्क में थी। इसकी भनक उसके पति व ससुरालीजनों को लग गई। इस पर पति ने पत्नी के जरिए उसके प्रेमी को मिलने बुलवा लिया।
कानपुर देहात के रूरा थाने के गांव कपूरपुर निवासी नीरज अपने साथी रोहित के साथ शुक्रवार दोपहर को प्रेमिका की बताई जगह देईपुर के पास पहुंच गया। नीरज गांव की चक्की के पास लगे हैंडपंप से पानी पीने लगा। इसी बीच वहां पहुंचे महिला के पति व उसके साथ के लोगों ने नीरज पर हमला कर दिया। इससे प्रेमी नीरज लहूलुहान हो गया। पास मौजूद लोगों ने उसे बचाया, लेकिन महिला का पति व उसके सहयोगी रोहित को पकड़कर अपने साथ ले गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने प्रेमी नीरज को सीएचसी में भर्ती करवाया। वहीं, रोहित के अगवा होने की जानकारी पर सीओ बिधूना पी. पुनीत मिश्रा, थानाध्यक्ष जीतमल चौधरी फोर्स के साथ आसपास के गांव में तलाश करते रहे, लेकिन रात तक युवक का कुछ पता नहीं चला। देर रात को रोहित के घर पहुंच जाने की जानकारी मिलने पर पुलिस ने राहत की सांस ली।
उधर, रात में ही महिला ने प्रेमी व उसके साथी पर पति के साथ मारपीट की रिपोर्ट दर्ज कराई। जबकि प्रेमी नीरज ने महिला के पति व उसके सहयोगियों पर मारपीट करने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। थानाध्यक्ष जीतमल चौधरी ने बताया कि प्रेमी नीरज, उसके साथी रोहित व महिला के पति और उसके पांच सहयोगियों पर शांतिभंग की कार्रवाई की गई है।