दिबियापुर। शनिवार देर शाम को एक कार चालक और बरातियों में कहासुनी हो गई। बातचीत बढ़ने पर दोनों में मारपीट हो गई। इस दौरान गाड़ी पर पथराव कर शीशा तोड़ने का आरोप भी है।
सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच की। जांच में आपसी विवाद सामने आया है। औरैया के नारायणपुर निवासी आर्टिका कार चालक गौरव नागर शनिवार देर शाम को औरैया से असेनी गांव बरात लेकर जा रहा था।
कार में नारायणपुर के महराब आलम, पढ़ीन दरवाजा के मोहसिन भी थे। इसी बीच पीछे से आ रही दूसरी कार आर्टिका के पास आकर रुकी। उस कार में भी कुछ बराती सवार थे।
आरोप है कि शराब के नशे में बरातियों ने आर्टिका में डंडा मार दिया। दोनों में विवाद हो गया। इसके बाद कार चालक बरात से लौटने लगा तो पीछे से आरोपियों ने पथराव कर गाड़ी के शीशे तोड़ दिए। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस घायलों को अपने संग थाने ले गई। घायल मोहसिन व मेहराब को डाॅक्टरी परीक्षण को भेजा।
थानाध्यक्ष मुकेश चौहान ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। आपस में बरातियों का झगड़ा सामने आ रहा है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।