औरैया। शनिवार को थानों में थाना समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इसमें ज्यादातर शिकायतें भूमि संबंधी विवादों की रहीं। वहीं, कई फरियादी शासन की योजनाओं का अब तक लाभ न मिलने से परेशान दिखे तो कई शिकायतों के बावजूद सुनवाई न होने से असंतुष्ट दिखाई दिए।
बिधूना में डीएम बृजेश कुमार सिंह व एसपी अभिषेक भारती की अध्यक्षता में थाना समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान तीन फरियादी शिकायतें लेकर पहुंचे। किशोरगंज की पूनम यादव ने शिकायत की कि बाथरूम के पानी की निकासी की उचित व्यवस्था न होने से घर में पानी भर रहा है। इस पर डीएम ने एडीओ पंचायत व अन्य को मौके पर जाकर समस्या का समाधान कराने के निर्देश दिए।
जगतपुर के नरसिंह ने आरोप लगाया कि उनकी जमीन पर जबरन कब्जा किया जा रहा है। डीएम ने लेखपाल को मौके पर जाकर निस्तारण के निर्देश दिए। वहीं, रठगांव से पहुंचे एक फरियादी ने बताया कि उन्हें आवास के लिए पट्टा दिया गया था, लेकिन अभी तक आवास का निर्माण नहीं कराया गया है। इस पर डीएम ने नाराजगी जाहिर की और संबंधित अधिकारियों को मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
अछल्दा में नायब तहसीलदार हरि किशोर व थानाध्यक्ष सुरेश चंद्र सिंह ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। यहां अधिकांश मामले राजस्व विवाद, चकरोड पर अवैध कब्जा, जमीनी पैमाइश और आपसी रंजिश से जुड़े थे। अयाना में एसडीएम अजीतमल निखिल कुमार, सीओ मनोज गंगवार, थानाध्यक्ष जयप्रकाश ने लोगों की शिकायत सुनीं। बारिश के चलते दोपहर तक सात फरियादी शिकायत लेकर पहुंचे।