अटसू (औरैया)। एक गांव में मजदूर की बेटी कमरे में कुंडे पर रस्सी का फंदा बनाकर लटक गई। आधी रात को पिता उठे तो बेटी को लटकता देख उनकी चीख निकल गई। फौरन परिजनों ने उसे नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
पिता का आरोप है कि बेटी को गांव का एक युवक परेशान कर रहा था। उसी से तंग आकर बेटी ने आत्महत्या कर ली। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
अजीतमल कोतवाली के लक्ष्मणपुर गांव निवासी धर्मेंद्र सिंह मजदूरी करता है। परिवार में पत्नी रेनू सिंह, 18 वर्षीय पुत्री रिया, 14 वर्षीय पुत्री राशि और 9 वर्षीय पुत्र वरुण है। मंगलवार रात को धर्मेंद्र व परिजन बरामदे में सो गए।
रात में रिया वहां से कमरे में चली गई और वहां छत के कुंडे में रस्सी से फंदा लगाकर लटक गई। रात करीब एक बजे पिता बाथरूम जाने के लिए उठे तो रिया फंदे से लटकी मिली।
शोर मचाने पर परिवार के अन्य लोग भी आ गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच की और फॉरेंसिक टीम को बुलाया। परिजनों ने बताया कि रिया ने इसी वर्ष इंटर की परीक्षा उत्तीर्ण की थी। महाविद्यालय की पढ़ाई की तैयारी कर रही थी।
आरोप है कि गांव का एक लड़का उसे कई महीनों से परेशान कर रहा था। इसी बात से आहत होकर उसने अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली।
उधर, कोतवाल ललितेश त्रिपाठी ने बताया कि प्रथम दृष्टया आत्महत्या का मामला है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। परिजनों की तरफ से अभी तक कोई तहरीर नहीं दी गई है।