दिबियापुर (औरैया)। क्षेत्र के एक गांव में रविवार को एक दूल्हे की बरात घाटमपुर जाने की तैयारी चल रही थी। इसी बीच दूल्हे की प्रेमिका थाने पहुंच गई।
मामले में पुलिस ने दूल्हे समेत उसके परिजनों को थाने बुलवा लिया। ऐसे में घाटमपुर से तय हुई शादी रुक गई। अब प्रेमिका के साथ दूल्हे के साथ सात फेरे लेने को लेकर देर रात तक थाने में मंथन चलता रहा।
कंचौसी क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक नोएडा में रह रहा था। उसकी प्रेमिका बिहार की है। नोएडा में नौकरी करते हुए दोनों की नजदीकी बढ़ी। प्रेमिका के मुताबिक दो साल से दोनों के बीच प्रेम प्रसंग चल रहा था। इस दौरान वह गर्भ से हो गई, लेकिन दवा देकर युवक ने उसका गर्भपात करा दिया।
बताया कि दो दिन पहले उसे भनक लगी कि युवक की घाटमपुर में शादी तय हो गई है। रविवार को बरात जाने की भनक लगने पर वह थाने पहुंची। दिबियापुर थाना के वरिष्ठ उपनिरीक्षक नईम अहमद ने बताया कि युवती का दूल्हे से दो साल से अफेयर चलने की बात सामने आई है।
दूल्हे समेत उसके परिजनों को थाना बुलाया गया है। बरात रोकी गई है। प्रेमिका के माता-पिता नहीं है। अब प्रेमिका के साथ दूल्हे की शादी कराए जाने को लेकर दोनों पक्षों में समझौते का दौर चल रहा है। सोमवार तक स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।