फफूंद। तर्रई में 20 दिन पहले बनाई गई सीसी सड़क उखड़ने लगी है। कई जगह गिट्टी व मौरंग उखड़ने के साथ ही दरारें भी आ गईं हैं। ग्रामीणों ने ठेकेदार पर घटिया निर्माण सामग्री का उपयोग करने का आरोप लगाते हुए डीएम को पत्र लिखकर जांच कराने की मांग की।
फफूंद क्षेत्र के तर्रई निवासी क्षेत्र पंचायत सदस्य श्रीकृष्ण कठेरिया, रोहित शुक्ला, अखिलेश कुमार, श्रवण, सुशील, वीरू, लल्ली आदि ने डीएम को शिकायती पत्र भेजा है। आरोप है कि 20 दिन पहले गांव में विभाग द्वारा तीन सौ मीटर सीसी सड़क का निर्माण कराया गया था।
इसमें ठेकेदार ने धांधली की है। मानक के अनुसार सामग्री उपयोग न करने से चार दिन बाद ही नाली उखड़ गई और सड़क में दो जगह दरारें आ गईं। सड़क उखड़ने से माैरंग व गिट्टी नजर आने लगी है। सड़क पर न तो चिनाई की गई और न ही पटिया डालीं गईं।
बताया कि गांव में पानी की निकासी के लिए बनी नाली को गांव के नाले से न जोड़ते हुए बीच में ही गांव के वीरू शुक्ला के खेत में डाल दिया गया है। इससे उनके खेत में गंदा पानी भर गया है। ग्रामीणों ने जांच कर कार्रवाई की मांग की।