औरैया। रक्षाबंधन पर बहनों को भाई के घर आने जाने में दिक्कत नहीं होगी। रोडवेज डिपो की ओर से इस लेकर पूरी तैयारी कर ली गई है। आठ अगस्त की सुबह छह बजे से 10 अगस्त की रात 12 बजे तक डिपो की सभी 77 बसें रूटों पर दौड़ेंगी। उनके रूटों पर फेरे भी बढेंगे, जिससे कि ज्यादा से ज्यादा सवारियों को उनके मुकाम तक पहुंचाया जा सके।
रक्षाबंधन का त्योहार नौ अगस्त को है। इस त्योहार को लेकर डिपो की ओर से तीन दिन तक बसों का विशेष संचालन कराया जाएगा। महिलाओं को निशुल्क सफर की सुविधा के साथ ही सफर को भी सुगम बनाया जाएगा। डिपो की 77 बसों का तीन दिन तक लगातार संचालन किया जाएगा। दिल्ली, आगरा, कानपुर, लखनऊ, मुरादाबाद व गोरखपुर आदि लंबे रूटों पर बसों के दो-दो फेरे कर दिए गए हैं। रात में डिपो में खड़ी हो जाने वाली बसों को भी अब दौड़ाया जाएगा।
दिल्ली रूट पर 25 बसें, बदरपुर बार्डर तक सात, आगरा-कानपुर रूट पर 18, मुरादबाद, लखनऊ व गुरुग्राम के लिए दो-दो बसें दौड़ाई जाएंगी। इसके साथ ही लोकल रूटों के लिए 13 बसें रखी गई हैं। इसमें बिधूना, कानपुर, इटावा, उरई व झांसी तक बसें दो-दो फेरे लगाएंगी। किसी तरह से बसों का संचालन बेपटरी न हो इसे लेकर चेकिंग भी कराई जाएगी। एआरएम अपर्णा मीनाक्षी ने बताया कि सभी रूटों पर बसों के फेरे तीन तक ज्यादा लगेंगे। रक्षाबंधन पर सवारियों को सुगम सफर मुहैया कराने के लिए विशेष संचालन की रूपरेखा बना ली गई है। आज सुबह से यह लागू हो जाएगी।