लंबे इंतजार के बाद जिला अस्पताल के रोगियों को सरकारी फीस पर अल्ट्रासाउंड की सुविधा मिलनी शुरू हो गई है। अब जिला अस्पताल आने वाले रोगियों को अल्ट्रासाउंड रिपोर्ट को न तो कहीं भटकना होगा और न ही निजी पैथोलॉजी पर अपनी जेब कटवानी होगी। डीएम माला श्रीवास्तव ने अल्ट्रासाउंड मशीन संचालन का बुधवार को शुभारंभ किया।
डीएम श्रीवास्तव ने कहा कि इस सुविधा के शुरू होे से रोगियों को बड़ी राहत मिलेगी। कहा कि जिला अस्पताल आने वाले रोगियों को प्रशासन हर संभव सुविधा प्रदान करने को प्रयासरत है।
इस मौके पर जिला अस्पताल के सीएमएस डा. नवीन चंद्र मिश्रा ने जिला अस्पताल में अल्ट्रासाउंड सुविधा शुरू होने का श्रेय डीएम को देते हुए कहा कि इस सुविधा के शुरू होने से लोगों का जिला अस्पताल के प्रति और अधिक रूझान बढ़ेगा।
रेडियोलॉजिस्ट डा. एनएचएस गुप्ता ने बताया कि पहले दिन जिला अस्पताल में धीरज सिंह का अल्ट्रासाउंड किया गया। इसके बाद इस सुविधा का आठ लोगों ने लाभ उठाकर अल्ट्रासाउंड रिपोर्ट प्राप्त की।
इससे जिला अस्पताल को 800 रुपये की अतिरिक्त इनकम हुई है। इस मौके पर सीएमओ डा. नरेंद्र कुमार सिंह यादव, एसीएमओ डा. विनोद सागर सहित अन्य चिकित्साधिकारी मौजूद रहे।
100 रुपये निर्धारित है शुल्क- औरैया। शासन से सरकारी अस्पतालों में अल्ट्रासाउंड रिपोर्ट के लिए 100 रुपये का शुल्क निर्धारित है, जबकि अब तक जिला अस्पताल से इलाज कराने के बाद भी रोगियों को निजी पैथोलॉजी सेटरों पर 300 से 400 रुपये खर्च करने पड़ रहे थे।