औरैया। शासन की मंशा के मुताबिक ग्रीष्मकालीन अवकाश के बाद शुक्रवार को खुले परिषदीय स्कूलों में बच्चों का पहला दिन काफी हद तक मनोरंजन से भरा रहा। किसी स्कूल में मध्याह्न भोजन में बच्चों ने खीर-पूड़ी और हलवा का लुत्फ उठाया, तो किसी स्कूल के बच्चों को आसपास के स्थानों का शिक्षकों ने सैर सपाटा कराया।
जिले में संचालित 1265 परिषदीय स्कूलों में शुक्रवार को ग्रीष्मकालीन अवकाश के बाद पहले दिन बच्चों की संख्या कम रही। शासन स्तर से पहले दिन को खास बनाए जाने के लिए शिक्षकों को विशेष कवायद किए जाने के निर्देश दिए गए थे। इसमें कुछ खास एक्टिविटी करने के लिए कहा गया था। दोपहर में मिड-डे मील में कुछ खास परोसने से लेकर खेलकूद व घुमाने जैसे कार्यक्रमों को करने के लिए कहा गया था।
निर्देशों के तहत बच्चों को मध्याह्न भोजन में लजीज व्यंजन परोसे गए। वहीं कुछ स्कूलों के बच्चों को सैर सपाटा भी कराया गया। शहर से सटे जैतापुर अंग्रेजी माध्यम स्कूल के बच्चों ने गोशाला की सैर की। नहर से लेकर बंबा को देखा। सिंचाई व्यवस्था को जाना। बाग बगीचों से लेकर मंदिरों की भी सैर कराई गई। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनिल कुमार ने बताया कि शासन के निर्देश के तहत बच्चों का पहला दिन विशेष बनाया गया है। सभी परिषदीय स्कूलों में खास कार्यक्रम किए गए हैं। इसकी विधिवत वाट्सएप ग्रुप के माध्यम से मानीटरिंग भी की गई है।