दिबियापुर। रुपये दोगुना होने के लालच में कस्बा के कुछ लोगों ने कंपनी में तीन करोड़ों रुपये लगा दिए। बाद में वह कंपनी निवेशकों का रुपये लेकर अचानक भाग गई। कंपनी अमेरिका की बताई गई थी। निवेशकों की तहरीर पर साइबर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
कस्बा निवासी आशीष दुबे ने पुलिस को बताया कि 23 जून को कस्बा के एक युवक ने एनटीपीसी रोड स्थित एक गेस्ट हाउस में बैठक का आयोजन किया था। इसमें सैकड़ों लोग शामिल हुए। बैठक में लोगों को अमेरिका की एक कंपनी ने रुपये दोगुना करने का दावा किया था। झांसे में आकर कस्बा सहित आसपास के लोगों ने करीब तीन करोड़ रुपये का निवेश कर दिया।
पांच अगस्त को कंपनी की अचानक वेबसाइट बंद होने पर लोगों को शक हुआ। निवेशकों ने पता किया तो जानकारी हुई की कंपनी रुपये लेकर भाग गई। शुक्रवार को आशीष, राहुल गुप्ता समेत कई निवेशक थाने पहुंचे। पुलिस को मामले की जानकारी दी। थाना प्रभारी निरीक्षक रुद्र प्रताप नारायण त्रिपाठी ने बताया कि मामले की जांच साइबर सेल को सौंपी गई है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।