बिधूना में बूंदाबांदी के बीच निकलते बाइक सवार।
- फोटो : बिधूना में बूंदाबांदी के बीच निकलते बाइक सवार।
औरैया/बिधूना। मौसम ने मंगलवार को कई रंग दिखाए। सुबह बदली तो दोपहर में धूप रही। वहीं, दोपहर बाद हल्की बूंदाबांदी भी हुई।
ऐसे में कहीं बादल बरसे और कहीं बिना बरसे ही निकल गए। जिन इलाकों में हल्की बूंदाबांदी हुई, वहां लोगों को उमस से राहत मिली। जबकि शाम को खिली धूप ने उमस बढ़ा दी।
दिन में अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, हालांकि सोमवार के मुकाबले मंगलवार को अधिकतम तापमान में दो डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की गई।
दोपहर लगभग एक बजे बिधूना क्षेत्र में बादलों के साथ मौसम ने करवट ली। इसके बाद चली हवाओं के बीच कस्बे व ग्रामीण इलाकों में कई जगह हल्की बारिश हुई। बारिश के बाद लोगों को गर्मी से काफी हद तक राहत मिली। हालांकि, बारिश थमने पर आसमान साफ होते ही फिर धूप निकल आने से उमस भरी गर्मी ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी।
धूप-छांव का यह खेल दिनभर चलता रहा। उमस के कारण पंखे व कूलर भी राहत दिलाने में नाकाम साबित हुए। शहर में शाम चार बजे के बाद हल्की बूंदाबांदी से कुछ राहत मिली, लेकिन धूप निकलने के बाद उमस भरी गर्मी से लोग बेहाल हुए।
मौसम विभाग के अनुसार बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। बूंदाबांदी के साथ कुछ इलाकों में बारिश के संकेत मिल रहे हैं।