बिधूना। कोतवाली क्षेत्र के भगत सिंह चौराहे पर तेज रफ्तार ईको कार एक युवक को टक्कर मारने के बाद आइसक्रीम ठेले व डीसीएम से टकरा गई। हादसे के बाद जब कार सवार भागने लगा तो कुछ युवकों ने कार को रोकने की कोशिश की। इस पर चालक युवकों को रौंदने का प्रयास करते हुए भाग गया।
भगत सिंह चौराहे पर शुक्रवार को सहालग के चलते बड़ी संख्या में वाहनों का आवागमन हो रहा था। तभी एक ईको कार ने जल्दबाजी में चौराहे से निकलने के प्रयास में भरथना रोड़ निवासी बाइक सवार अमित कुमार को टक्कर मार दी। अमित गिरकर घायल हुआ और बाइक क्षतिग्रस्त हो गई।
चालक ने कार समेत भागने के प्रयास में आइसक्रीम का ठेला लगाए लालजी व एक डीसीएम में भी टक्कर मार दी। यह देख चौराहे पर मौजूद युवकों ने चालक को कार समेत पकड़ने का प्रयास किया। कार चालक ने युवकों को रौंदने का प्रयास किया तो उन्होंने किसी तरह इधर-उधर होकर युवकों ने अपनी जान बचाई और चालक कार समेत भाग गया। मकोतवाली प्रभारी सुजीत वर्मा ने बताया कि इस संबंध कोई जानकारी नहीं है।