ककोर। कलेक्ट्रेट समीप ककोर गांव में बंबा किनारे स्थित एक गेस्ट हाउस में रविवार को शादी कार्यक्रम के दौरान दूल्हे के नशे में होने का पता चलने पर वधू ने शादी से इन्कार कर दिया। रात भर समझौते के प्रयास का सिलसिला जारी रहा। सोमवार तड़के बिना वधू के ही बरात वापस लौट गई।
कानपुर देहात के गांव जसा का पुर्वा से बरात ककोर क्षेत्र के गांव भियांपुर में आई थी। रविवार को गेस्ट हाउस में कार्यक्रम चल रहा था। बरातियों के आने के बाद नाश्ता होने के बाद बरात चढ़ने की तैयारी चल रही थी। इस बीच दूल्हे के जीजा ने शराब की बोतलें खोल दी। चर्चा रही कि जीजा ने दूल्हे को भी शराब पिला दी। बरात घूमती इससे पहले ही दूल्हा नशे में हो गया। इसकी भनक वधू को लगने पर उसने शादी से इन्कार कर दिया। मामले को लेकर पुलिस भी अनभिज्ञता जाहिर करती रही।