बिधूना। अछल्दा क्षेत्र में बुधवार रात हुए गोलीकांड में घायल युवक के लापता साथी का शव घटना के 36 घंटे बाद शुक्रवार सुबह शव मिला। यह शव घटनास्थल से महज 10 मीटर दूर धान के खेत में मिला। इससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। युवक के सीने पर चोट के निशान मिले हैं। परिजनों ने उसे गोली मारकर मौत के घाट उतारने की आशंका जताई है।
गांव हरि नारायणपुर निवासी विपिन यादव अपने दोस्त गांव आशा निवासी शिवा भदौरिया (25) के साथ बुधवार रात करीब आठ बजे बाइक से घर जा रहा था तभी घाटमपुर पुलिया के पास गौतला व अन्य गांव के युवकों ने दोनों पर फायरिंग कर दी थी। इसमें विपिन यादव की बांह में गोली लगी थी जबकि शिवा लापता था। इस घटना में घायल विपिन यादव ने गौतला के रजनेश, सुखानी, नगला रामलाल निवासी राहुल व रौकी समेत 10 अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
वहीं, शुक्रवार सुबह करीब सात बजे घसारा के किसान अखिलेश तिवारी अपने धान के खेत पर पहुंचे। यहां खेत के किनारे शव पड़ा देख दंग रह गए। उन्होंने ग्रामीणों को जानकारी देने के बाद पुलिस को सूचना दी। थाना प्रभारी पंकज मिश्रा व चौकी प्रभारी हेमंत कुमार मौके पर पहुंचे। मृतक की जेब से दो मोबाइल भी बरामद हुए। मृतक की पहचान विपिन यादव के साथी गांव आशा निवासी शिवा भदौरिया (25) के रूप में हुई है। उधर, घटनास्थल से फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए। एसपी अभिषेक भारती ने भी मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा किया।
उन्होंने मृतक के गांव आशा पहुंचकर पिता परशुराम व अन्य परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने जल्द घटना का खुलासा करने का आश्वासन दिया। एसपी ने कहा कि इस घटना के खुलासे को लेकर तीन टीमें गठित की गईं हैं। उधर शिवा के पिता परशुराम भदौरिया ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया है। इस मौके पर एएसपी आलोक मिश्रा, सीओ पी. पुनीत मिश्र, फफूंद थाना प्रभारी जेपी पाल, एरवाकटरा थाना प्रभारी जीतमल, महिला थाना प्रभारी पूजा सिंह राठौर समेत कई पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
-
पुलिस की छानबीन पर उठ रहे सवाल
बिधूना। पुलिस ने जिस जगह से शिवा के शव को बरामद किया है। वहां से महज 10 मीटर दूर शिवा व उसके साथी विपिन पर फायर झोंका गया था। पुलिस ने बुधवार को भी घटनास्थल का जायजा लिया था तब तक शिवा लापता था। वहीं शुक्रवार सुबह एकाएक उसी घटनास्थल से 10 मीटर शिवा का शव मिल गया। शिवा के पिता परशुराम का आरोप है कि थाना पुलिस ने कैसी छानबीन की थी जबकि घटनास्थाल के पास में शिवा का शव पड़ा रहा। हालांकि अब हरकत में आई पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर ताबड़तोड़ दबिश देना शुरू किया है लेकिन अभी तक एक भी आरोपी को पकड़ा नहीं जा सका है।
फोटो-26एयूआरपी -16 शिवा फाइल फोटो। स्रोत: परिजन