दिबियापुर। गुलरिहा में मंगलवार सुबह इंटर के एक छात्र का शव पड़ोसी के घर के पिछले हिस्से की दीवार पर फंदे से मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना स्थल पर छानबीन करने के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। परिजन जान देने का कारण नहीं बता पा रहे हैं।
गुलरिहा निवासी इंद्रमन दोहरे का बेटा हिमांशु (17) असेनी के एक कॉलेज में इंटर का छात्र था। वह सात भाई व दो बहनों में चौथे नंबर का था। मंगलवार सुबह उसका शव पड़ोसी भूरे मिश्रा के घर की पिछली दीवार में निकली सरिया में चादर के फंदे पर लटकता मिला। सुबह जागे लोगों ने खाली प्लॉट की तरफ शव लटकता देख घटना की जानकारी परिजनों को दी।
इंद्रमन ने बताया कि बेटा सोमवार रात को खाना खाने के बाद कमरे में सोने चला गया था। वह वहां कैसे पहुंचा इसके बारे में उन्हें जानकारी नहीं है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव फंदे से उतारकर घटना स्थल पर छानबीन कर साक्ष्य जुटाए। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
दिबियापुर थानाध्यक्ष मुकेश चौहान ने बताया कि आत्महत्या का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट व परिजन की तहरीर पर कार्रवाई की जाएगी।