अटसू। कोतवाली क्षेत्र के गांव बिलावा में सोमवार को एक युवक का शव पेड़ पर फंदे से लटका मिला। घर में 26 अप्रैल को दो बहनों की शादी की तैयारियां चल रही थीं लेकिन भाई की मौत ने खुशियों को मातम में बदल दिया।
पिता की मौत के एक साल बाद बेटे की मौत से परिजन में चीख पुकार मच गई। वह घर से सिलिंडर भरवाने की बात कह कर निकला था।
गांव बिलावा निवासी संजय का पुत्र विमल (18) उर्फ गोलू सोमवार दोपहर घर से सिलिंडर भरवाने के लिए दो हजार रुपये लेकर निकला था। रास्ते में गांव भीखेपुर स्थित दुकान पर बैठे अपने बाबा राधेश्याम से उसने मोबाइल लेने की बात भी कही थी। जब वह काफी देर तक वापस नहीं लौटा तो परिजन को चिंता हुई। इसी बीच खेतों में काम कर रहे ग्रामीणों ने विमल का शव आम के पेड़ पर रस्सी के फंदे से लटका देखा।
परिजन के अनुसार 26 अप्रैल को विमल की दो बहनों गोल्डी और प्रतिभा की शादी होनी है। घर में मेहमानों का आना-जाना शुरू होने वाला था। विमल की मौत से मां मालती देवी, छोटे भाई लव-कुश और तीन बहनें गोल्डी, प्रतिभा व खुशी का रो-रोकर बुरा हाल है। मामले की जानकारी पर अटसू चौकी प्रभारी अभय प्रताप सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे।
छानबीन के बाद शव को फंदे से नीचे उतार लिया। कोतवाल ललितेश नारायन त्रिपाठी ने बताया कि शव को मोर्चरी भेज दिया गया है। फिलहाल परिजन की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है। प्राथमिक जांच में आत्महत्या प्रतीत हो रही है। परिजन फिलहाल कोई कारण नहीं बता पाए।
फोटो-33-विमल। फाइल फोटो