औरैया। सदर कोतवाली के भरसेन गांव के प्रवेश द्वार के पास गेहूं के खेत में एक युवक का शव पड़ा मिला। पास में ही एक क्षतिग्रस्त बाइक पड़ी थी।
ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना स्थल पर छानबीन की। पुलिस के अनुसार बिजली के खंभे से बाइक टकराने से हादसा हुआ है।
बरीपुर माफी निवासी धीरज दोहरे (30) खेती किसानी में परिजनों का सहयोग करता था। रविवार शाम को वह भरसेन गांव में शादी समारोह में शामिल होने गया था। वहां से वह देर रात को घर के लिए निकला था।
सोमवार सुबह 7:30 बजे के करीब ग्रामीणों ने उसका शव गांव के प्रवेश द्वार के पास गेहूं के खेत में पड़ा देखा। उसके चेहरे में चोट के निशान के साथ खून लगा था। उसके पास में ही बाइक भी पड़ी थी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना स्थल पर छानबीन कर साक्ष्य जुटाए। कोतवाल ललितेश त्रिपाठी ने बताया कि बाइक बिजली के खंभे टकराने हादसा हुआ है। युवक के खेत में पड़े होने से रात में किसी की नजर नहीं पड़ी। मामले में परिजन की ओर से अभी तहरीर नहीं दी गई है।