औरैया में सितंबर के तापमान में उतार-चढ़ाव से लोगों का स्वास्थ्य प्रभावित हो रहा है। जिला अस्पताल में डायरिया और टायफाइड के कई मरीज भर्ती हुए हैं। डॉक्टरों ने सावधानी बरतने और ओआरएस सेवन की सलाह दी है।
औरैया। सितंबर के अंतिम दिनों में हो रही उमस भरी गर्मी लोगों का स्वास्थ्य बिगाड़ रही है। दिन में चटक धूप के बीच उमस और रात में हल्की ठंड हो रही है। तापमान का उतार-चढ़ाव लोगों को डायरिया हो रहा है। यही वजह है कि जिला अस्पताल में गुरुवार को उपचार के लिए पहुंचे दस्त के 25 मरीजों को भर्ती किया गया। उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दी गई जबकि 50 से ज्यादा मरीजों को ओपीडी में दवा देकर चलता किया गया।
विज्ञापन
गुरुवार सुबह की शुरुआत तेज धूप के साथ हुई। वहीं, दोपहर में हुई गर्मी ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया। तेज धूप में लोग छांव ताकते नजर आए। अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस तक जा पहुंचा। रात में तापमान 27 डिग्री तक गिर गया। आठ डिग्री के तापांतर के बीच लोगों को बेचैनी हो रही है। जिला अस्पताल में भर्ती हुए 25 मरीजों को ग्लूकोज की बोतलें चढ़ाई गई। साथ ही साथ ओआरएस घोल भी दिया गया। मरीजों को खानपान को लेकर हल्के भोजन की सलाह दी गई। साथ ही साथ तेज धूप के बीच एकाएक ठंडे पानी का सेवन न करने की सलाह दी गई।
उधर, जिला अस्पताल के वार्ड में एक मरीज टायफाइड का भी पहुंचा। जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. अनिल गुप्ता ने बताया कि दिन में गर्मी और रात में हो रही ठंडक लोगों के स्वास्थ्य पर बुरा प्रभाव डाल रही है। पानी का सेवन पर्याप्त करना होगा। नहीं तो डीहाइड्रेशन की समस्या हो सकती है। ओआरएस का घोल काफी हद तक बीमार होने से बचाएगा। अस्पताल में पर्याप्त ओआरएस के घोल हैं जिन्हें मरीजों को दिया जा रहा है।