अछल्दा। तेज रफ्तार ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार सड़क पर गिर पड़े। हादसे में ट्रैक्टर का पहिया चढ़ने से किशोर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चचेरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा गांव रामपुर वैश्य के पास मोड़ पर हुआ।
थाना क्षेत्र के गांव रामपुर वैश्य निवासी उजियारे लाल का बेटा सौरभ शाक्य (14) अपने चचेरे भाई शरद (14) पुत्र अशोक कुमार के साथ बाइक से अछल्दा जा रहा था। गांव के बाहर मोड़ पर सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद सौरभ बाइक से दूर छिटक कर गिरा। पीछे बैठा शरद ट्रैक्टर के अगले पहिये के नीचे आ गया। शोर सुनकर आसपास के लोग और परिजन मौके पर पहुंचे। लोगों ने मशक्कत के बाद शरद को पहिये के नीचे से निकाला और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। वहां से उसे इटावा रेफर कर दिया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। सौरभ की हालत भी गंभीर बनी हुई है। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया।
शरद शाक्य अछल्दा कस्बे के एक निजी स्कूल में कक्षा छह का छात्र था। वह अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था, एक बड़ी बहन है। इकलौते बेटे की मौत से मां रीना देवी सहित परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने शव लेकर गांव लौटने के बाद पुलिस को सूचना दी।
पुलिस कर रही मामले की जांच
सूचना मिलने पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने छानबीन और परिजनों से पूछताछ के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। थानाध्यक्ष जीतमल चौधरी ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। उन्होंने कहा कि तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फोटो-45- शरद। फाइल फोटो