बिधूना। सीएचसी की एक्सरे मशीन तकनीकी खराबी आने से दो दिनों से बंद पड़ी है। यह समस्या बिजली का वोल्टेज कम ज्यादा होने के कारण आई है। इससे दो दिन से मरीजों को परेशानी उठानी पड़ रही है। गुरुवार को तकनीकी टीम के इंजीनियर नासिर ने मशीन की जांच की। अभी इसके ठीक होने में दो दिन का समय लगने की आशंका जताई गई है।
सीएचसी बिधूना क्षेत्र का एक प्रमुख स्वास्थ्य केंद्र है। रोजाना बड़ी संख्या में मरीज इलाज व जांच के लिए पहुंचते हैं। एक्सरे मशीन में आई खराबी से मरीजों को एक्सरे कराने के लिए भटकना पड़ रहा है। मशीन की जांच करने पहुंचे इंजीनियर नासिर ने बताया कि एक्स-रे मशीन के अंदर एक्सरे करने में प्रयोग वाली डिजिटल लाइट की रॉड होती है। यह रॉड वोल्टेज को नियंत्रित न होने के कारण व बिजली सप्लाई में वोल्टेज कम-ज्यादा होने से मुख्य प्लेट में खराबी आ गई है। इस वजह से मशीन कार्य करना बंद कर चुकी है।
सीएचसी अधीक्षक डॉ. बीपी शाक्य ने बताया कि तकनीकी कारणों से पिछले दो दिनों से एक्सरे सेवाएं बाधित हैं। मरीजों को फिलहाल एक्सरे के लिए निजी केंद्रों या अन्य अस्पतालों में जाना पड़ रहा है। हालांकि, मशीन की समस्या की जांच कर ली गई है। आवश्यक उपकरण मंगवाए जा रहे हैं।