औरैया। जनपद के पीएमश्री विद्यालयों में पठन-पाठन की व्यवस्था को आधुनिक और हाईटेक बनाने के लिए विशेष पहल की जा रही है। जिले के सभी 28 पीएमश्री स्कूलों के दो-दो शिक्षकों को आईसीटी लैब और स्मार्ट क्लास के प्रभावी संचालन के लिए प्रशिक्षित किया जाएगा। इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य डिजिटल शिक्षा के माध्यम से छात्रों के सीखने के अनुभव को बेहतर और रोचक बनाना है।
आईसीटी लैब और स्मार्ट क्लास का सुचारू व नियमित संचालन सुनिश्चित करने के लिए बेसिक शिक्षा अधिकारी स्तर से एक सुव्यवस्थित कार्य योजना और रोस्टर तैयार किया गया है। आईसीटी लैब में निर्धारित दिनों में संंबंधित स्कूल के छात्र पढ़ाई के लिए पहुंचेगे। इसके लिए विधिवत हाजिरी व्यवस्था भी लगेगी। ताकि व्यवस्था को बेहतर ढंग से कराया जा सके। किसी तरह की खानापूर्ति न हो। बीएसए संजीव कुमार ने इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का पूरा खाका निर्धारित कर दिया है। रोस्टर लागू होने से कक्षाओं का समयबद्ध संचालन होगा, जिससे छात्र डिजिटल माध्यमों का पूरा लाभ उठा सकेंगे। इस पहल से न केवल शिक्षकों की तकनीकी दक्षता बढ़ेगी, बल्कि ग्रामीण व शहरी क्षेत्र के विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षा से जोड़कर उनके सर्वांगीण विकास का मार्ग प्रशस्त होगा।