औरैया। जालौन रोड स्थित बीबीएस स्मृति विद्यापीठ में सदर ब्लॉक के शिक्षकों को प्रशिक्षित करने के लिए 29 फरवरी से आयोजित पांच दिवसीय निष्ठा प्रशिक्षण में खामियां दूर होने का नाम नहीं ले रही हैं। सोमवार को प्रशिक्षण के तीसरे दिन शिक्षा के अधिकार और श्रम कानून की धज्जियां उड़तीं दिखीं। प्रशिक्षण स्थल पर दो छात्र शिक्षकों के लिए भोजन बनवाने में मदद करते और परोसते नजर आए। इस मामले को लेकर अधिकारी जवाब देने से बचते नजर आए।
बीबीएस स्मृति विद्यापीठ में हो रहे प्रशिक्षण कार्यक्रम में 50-50 शिक्षकों के तीन बैचों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण के पहले दिन शिक्षकों के नाश्ते व भोजन में मेन्यू की अनदेखी का मामला सामने आया। शिक्षकों ने हो-हल्ला मचाया तो दूसरे दिन काफी हद तक भोजन और अन्य व्यवस्थाओं में सुधार किया गया। लेकिन सोमवार को तीसरे दिन प्रशिक्षण केंद्र पर शिक्षा के अधिकार और श्रम कानून की धज्जियां उड़ती दिखीं।
प्रशिक्षण केंद्र पर क्षेत्र के गांव कखावतू स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय में शिक्षण का कार्य करने वाले शिक्षक सर्वेश यादव को ट्रेनर बनाया गया है। वह यहां प्रशिक्षण दे रहे हैं। भोजन व्यवस्था की जिम्मेदारी निभाने वाली फर्म ने कखावतू के पूर्व माध्यमिक विद्यालय के छठवीं कक्षा के छात्र ध्रुव और सातवीं कक्षा के छात्र छात्र शिव पूजन को भोजन बनवाने और परोसने के लिए लगा रखा है। स्कूली बच्चे भोजन बनवाने से लेकर परोसने तक के काम में लगे रहे। यही नहीं शिक्षकों के लिए भोजन खुले में बनता दिखा।
खाद्य सामग्री को ढकने तक की व्यवस्था नजर नहीं आई। वहीं, शिक्षा महकमे के अधिकारी इस बाबत कुछ भी बोलने से बच रहे हैं। प्रशिक्षण कराने की जिम्मेदारी खंड शिक्षाधिकारी सुधीर कुमार को सौंपी गई है। भोजन में गुणवत्ता न होने, प्रशिक्षण केंद्र पर व्याप्त अनियमितता, स्कूली बच्चों से खाना परोसने का काम, प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले शिक्षकों में आक्रोश आदि की बारे में वह बचते नजर आए।
खुले में भोजन बनाने से शिक्षकों में आक्रोश
प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले शिक्षकों में भोजन को लेकर सोमवार को भी आक्रोश रहा। आक्रोशित शिक्षकों का कहना है कि भोजन खुले में बनाया जा रहा है, जहां भोजन बन रहा है, वहां गंदगी व्याप्त है। शिक्षकों का कहना है कि खुले में भोजन बनने से धूल आदि पड़ने से कई लोग भोजन नहीं कर रहे हैं।
साक्ष्य मिलने पर होगी कार्रवाई
जिला बेसिक शिक्षाधिकारी एसपी सिंह ने प्रशिक्षण के संबंध मेें पहले तो सब कुछ सही होने की बात कही। लेकिन जब उन्हें छात्रों के भोजन परोसने व अन्य खामियों के बारे बताया गया तो कहा कि पहले उन्हें साक्ष्य दें। साक्ष्य मिलने के बाद जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।