फफूंद (औरैया)। थाना अजीतमल क्षेत्र के एक गांव में तिलक समारोह में गई एक चार वर्षीय मासूम के साथ उसके रिश्ते के चचेरे भाई 15 वर्षीय किशोर ने दुष्कर्म किया। नाजुक हालत में घर पहुंची मासूम ने परिजनों को घटना की जानकारी दी। हालत देखकर परिजनों ने तत्काल पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने मासूम को मेडिकल जांच के लिए भेजा। साथ ही आरोपी किशोर को हिरासत में ले लिया है।
फफूंद थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी एक चार वर्षीय मासूम के पिता के मामा के लड़के का रविवार को अजीतमल क्षेत्र के एक गांव में तिलक समारोह का कार्यक्रम था। जिसमें मासूम अपने परिजनों के साथ कार्यक्रम में शामिल होने आई थी। समारोह में रिश्ते में लगने वाला 15 वर्षीय चचेरा भाई भी आया था। सोमवार को दोपहर आरोपी किशोर बच्ची को बहला-फुसलाकर गांव के बाहर बने तालाब के पास ले गया। जहां उसके साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। बच्ची रोते हुए घर पहुंची और परिजनों को सारी बात बताई।
मासूम की हालत देखते हुए घरवाले उसे वापस गांव ले आए। जहां से पुलिस को सूचना दी। दुष्कर्म की घटना की जानकारी पर सीओ अजीतमल कमलेश पांडेय मौके पर पहुंचे और मासूम को मेडिकल जांच के लिए भिजवाया। इस संबंध में अपर पुलिस अधीक्षक कमलेश दीक्षित ने बताया कि पीड़िता के पिता की तहरीर पर मामला दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। साथ ही आरोपी किशोर को हिरासत में ले लिया गया है।