बेला। मायके पर रह रही महिला की हत्या में पुलिस हत्यारोपी पति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। वारदात को अंजाम देने के बाद हत्यारोपी पति के कन्नौज भागने की आशंका जताई गई है। पुलिस की टीम ने रास्ते में लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज खंगाले और हत्यारोपी की गांव तक दबिश दी, लेकिन उसका पता नहीं चल सका है। आरोपी तक पहुंचने के लिए पुलिस ने सर्विलांस का भी सहारा लिया है।
थाना क्षेत्र के गांव पट्टी ज्ञानी निवासी तेजराम राजपूत ने बताया कि बेटी रेखा देवी (35) की कन्नौज स्थित थाना इंदरगढ़ क्षेत्र के गांव अचनकापुर निवासी दामाद प्रमोद कुमार राजपूत ने हत्या कर दी थी। वहीं, पुलिस ने आसपास व कन्नौज जाने वाले रास्ते में लगे 50 से अधिक सीसीटीवी फुटेज को खंगालें, वारदात को अंजाम देने के बाद उसके कन्नौज भगाने की आशंका पर पुलिस उसके गांव तक दबिश दी, लेकिन उसका पता नहीं चला। अब पुलिस सर्विलांस का सहारा लेकर हत्यारोपी तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। दो डॉक्टरों के पैनल से पोस्टमार्टम कराया गया।
बिधूना सीओ पी पुनीत मिश्रा ने बताया कि पिता की तहरीर पर उनके हत्यारोपी दामाद प्रमोद कुमार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस की टीम लगातार गिरफ्तारी को लेकर प्रयास कर रही है, जल्द आरोपी को पकड़ कर कार्रवाई की जाएगी।
तीनों बच्चों की जिम्मेदारी नाना पर
युवांश, सत्यम व अंकित के सिर से मां का साया उठ गया है। अब उनकी देखभाल बूढ़े नाना के हवाले हो गई है। घटना के बाद से तीनों बच्चे मां को बार-बार याद करके रो रहे हैं।