अजीतमल (औरैया)। व्हाटसएप पर मिली धमकी से उपखंड अधिकारी अपने कार्यालय में बैठकर काम करने से डरते रहे। कार्यालय के बाहर परिसर में बैठकर अपने कामों को निपटाया। साथ ही विभागीय उच्चाधिकारियों सहित सीओ व एसएचओ को लिखित रूप से घटना के संबंध में अवगत कराते हुए कार्रवाई करने के लिए लिखित रूप से प्रार्थना पत्र दिया है।
कस्बा स्थित विद्युत उपकेन्द्र पर विनोद शुक्ला उपखण्ड अधिकारी पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने बताया कि 28 जनवरी को उनके सीयूजी मोबाइल नंबर के व्हाटसएप पर (नौकरी करो आराम से) एक मैसेज आया। उन्होंने उसे अनदेखा कर दिया। पुन: 29 जनवरी को फिर से जानमाल से हाथ धो बैठने, बलात्कार जैसे चारित्रिक आरोपों को लगाते हुए संगीन झूठे मामले मेें फंसा देने जैसे धमकी भरे मैसेज भेजे गए। वह उन मैसेजों को कॉपी कर पाते इससे पहले ही वह डिलीट कर दिये गए। बलात्कार जैसे संगीन मामले में फंसाने और जानमाल से हाथ धो बैठने जैसे कई मैसेज आए। जिन्हें पढ़कर वह कॉपी कर पाते उससे पहले ही मैसेज डिलीट कर दिए गए। इन मैसेजों से विचलित और खौफजदा होकर वह शनिवार को कार्यालय में भी बैठकर काम करने से डरते रहे। कार्यालय परिसर में बाहर बैठकर काम निपटाने पड़े। मैसेज करने वाले नंबर को ट्रूकॉलर पर डालने से किसी अरविंद यादव का नाम लिखकर आ रहा है। बताया कि अधीक्षण अभियंता, सीओ व कोतवाली निरीक्षक को इस मामले में कार्रवाई करने के लिए लिखित प्रार्थना पत्र देते हुए अवगत करा दिया गया है।