औरैया/बेला। एडीजी कानपुर जोन ने शनिवार को जिले का औचक निरीक्षण किया। बेला थाना पहुंचकर समाधान दिवस में आए फरियादियों की शिकायतें सुनीं। अधिकारियों को समस्या निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने औरैया सदर कोतवाली पहुंचकर व्यापारियों से मिलकर उनकी समस्याएं पूछी। पूर्व में औरैया में तैनाती के दिनों को याद कर संस्मरण साझा किए। साथ ही पुलिस कर्मचारियों को क्राइम कंट्रोल को लेकर दिशा-निर्देश जारी किए।
एडीजी कानपुर जोन जयनारायण सिंह ने बेला थाने के समाधान दिवस में फरियादियों की शिकायतें सुनी। इस मौके पर 12 शिकायती पत्र आए। मौके पर मौजूद सीओ बिधूना मुकेश प्रताप सिंह व तहसीलदार को जल्द शिकायतें निस्तारित करने के निर्देश दिए। इससे पूर्व एडीजी को थाना बेला पहुंचने पर गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। उन्होंने बेला थाना का भी निरीक्षण किया। इस मौके पर बेला थानाध्यक्ष ब्रजेश भार्गव मौजूद रहे।
एडीजी ने औरैया सदर कोतवाली पहुंचकर कोतवाली का निरीक्षण किया। कोतवाली कार्यालय, कंप्यूटर कक्ष, मेस आदि देखी। उन्होंने कोतवाली परिसर में व्यापारियों से बात की तथा उनकी समस्याएं पूछी। इस मौके पर व्यापारियों ने पिछले सालों की तुलना में इस साल सर्दियों में चोरी की घटनाओं पर लगाम लगने पर पुलिस को बधाई दी। इस दौरान शिवसेना प्रदेश सचिव पवन अवस्थी ने अपने पार्टी के पदाधिकारियों के साथ ज्ञापन देकर ब्रह्मनगर चौकी स्थापित कराए जाने की मांग की। इस पर एडीजी ने उन्हें आश्वासन दिया। इसके बाद एडीजी ने पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों की बैठक कर शिकायतों के निस्तारण में पारदर्शिता बरतने के निर्देश दिए। अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई में तेजी लाने को निर्देशित किया।
वार्ता के दौरान एडीजी ने पुलिस लाइन को शहर से दूर स्थापित कराए जाने को लेकर जल्द ही उच्चाधिकारियों से वार्ता करने की बात कही। निरीक्षण के उपरांत एडीजी कानपुर देहात की ओर रवाना हो गए।
निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक कमलेश दीक्षित, सीओ सिटी सुरेंद्र नाथ यादव, कोतवाली इंस्पेक्टर आलोक कुमार दुबे, क्राइम इंस्पेक्टर शशांक राजपूत आदि पुलिस कर्मचारी मौजूद रहे।