दिबियापुर। राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर गेल गांव स्थित पोलिंग बूथ इंद्रधनुष क्लब व एनटीपीसी के सामुदायिक भवन पर शपथ ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इससे पूर्व गेल डीएवी, सेंट जोसफ व केंद्रीय विद्यालय के छात्रों ने मतदाता जागरुकता रैली निकाल कर लोगों को मतदान के लिए जागरूक किया। रैली को पूर्व कृषि राज्य मंत्री लाखन सिंह राजपूत व चेयरमैन राघव मिश्रा ने झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस दौरान जागरूकता रैली में शामिल बच्चे हाथों में मतदाता जागरूकता से संंबंधित स्लोगन लिखीं तख्तियां ले कर चल रहे थे। साथ ही नारे लगाते हुए मतदान की महत्ता के प्रति लोगों को जागरूक कर रहे थे।
रैली वापस गेल गांव के इंद्रधनुष क्लब व एनटीपीसी के सामुदायिक भवन में स्थित पोलिंग बूथ पर पहुंचकर समाप्त हुई। इस दौरान आयोजित शपथ समारोह में शामिल बच्चों का उत्साह देखते ही बनता था।
इस मौके पर दिबियापुर चेयरमैन राघव मिश्रा ने उपस्थित लोगों को जाति धर्म और निजी स्वार्थ से ऊपर उठ कर मतदान करने की शपथ दिलाई। वहीं पूर्व राज्यमंत्री लाखन सिंह राजपूत ने विद्यार्थियों को मतदान का महत्व समझाया।
बीएलओ हरिओम बाजपेई ने नए मतदाताओं को 18 वर्ष की आयु होते ही वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने की प्रक्रिया को समझाया। इसके अलावा नगर के सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में भी शपथ ग्रहण करवाई गई।
कार्यक्रम में सेंट जोसफ विद्यालय की फादर जियो, प्रधानाचार्य जिंसी, केंद्रीय विद्यालय की प्राचार्य गीता द्विवेदी, गेल डीएवी की प्राचार्य दीपा शरण, पंकज द्विवेदी, सीआईएसएफ कमांडेंट सहित जायंट्स सहेली ग्रुप की कोआर्डिनेटर पूनम पुरवार मौजूद रहीं।
इनके अलावा रेनू सिंह, सुधा भारती, अर्चना वर्मा, सुनीता त्रिपाठी, भारती पोरवाल, एनटीपीसी की पूजा तिवारी, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की स्वास्थ्य सखी विधानसभा बूथ की ब्रांड एंबेसडर दौलती देवी, खंड शिक्षा अधिकारी भाग्यनगर दाताराम, गेल गांव के बीएलओ अजीत राजपूत ने प्रतिभाग किया।