अजीतमल (औरैया)। कस्बा स्थित बीआरएसडी इंटर कॉलेज में कक्षा 10 के एक छात्र को पीटने के मामले में पुलिस ने कॉलेज प्रबंधक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। आरोप है कि इस घटना में छात्र की आंख में गंभीर चोट आई है और उसकी रोशनी प्रभावित हुई है। पुलिस ने छात्र के पिता की तहरीर पर यह कार्रवाई शुरू की है।
गांव चांवरपुर निवासी अजीत सिंह राजपूत ने कोतवाली पुलिस को बताया कि उनका बेटा आर्यन कॉलेज में कक्षा 10 का छात्र है। अजीत सिंह राजपूत के अनुसार, 30 जुलाई 2026 को लंच के दौरान आर्यन लघुशंका के लिए गया था। जब वह वापस कक्षा में लौट रहा था, तभी कॉलेज प्रबंधक आरएस मिश्रा ने डंडे से उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी। इस पिटाई के कारण आर्यन की आंख में गंभीर चोट आई और उसकी आंख खराब हो गई।
दूसरी ओर, कॉलेज प्रबंधक आरएस मिश्रा ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उन्होंने इन आरोपों को मनगढ़ंत और निराधार बताया। आरएस मिश्रा ने कहा कि लंच के दौरान बच्चे आपस में खेल रहे थे। इसी दौरान आर्यन अचानक गिरकर घायल हो गया था। कोतवाल विनोद कुमार ने बताया कि पिता की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
वहीं, पिता अजीत सिंह राजपूत ने बताया कि बेटे को गंभीर चोटें आई थीं। सीएचसी से उसे रेफर कर दिया गया था। बेटे के इलाज के चक्कर में तहरीर कोतवाली में देर से दे सके।