शहर कोतवाली क्षेत्र की सीमा पर बसे गांव पुरवारहट में सोमवार देररात लगी आग से पूर्व प्रधान के भाई की जनरल स्टोर की दुकान जलकर राख हो गई। पीड़ित की ओर से पुलिस को दिए गए प्रार्थना पत्र में आगजनी से 80 रुपये का सामान नष्ट होने का दावा किया है।
पुरवारहट गांव के पूर्व प्रधान संतोष कुमार के भाई बृजराज बिहारी गांव की सीमा से निकले हाइवे पर जनरल स्टोर की दुकान है। रात करीब 2.30 बजे ग्रामीणों ने घर का दरवाजा खटकटा कर उनकी दुकान में आग लगने की सूचना दी। सूचना पाकर बृजराज बिहारी अपनी दुकान पर पहुंचा तो उसे अपनी दुकान आग का गोला बनी दिखाई दी। ग्रामीणों की मदद से बृजराज आग बुझाने में जुट गया। देखते ही देखते बृजराज की दुकान जलकर राख हो गई।
सुबह होने पर पुलिस को दिए शिकायती पत्र में बृजराज ने ग्राम प्रधानी के चुनावी रंजिश में दुकान में आग लगाए जाने की आशंका जताई है। पीड़ित दुकानदार ने आग से दुकान में रख लगभग 80 हजार रुपये का सामान जलकर राख होने का दावा किया है। कोतवाली पुलिस ने पीड़ित की ओर से दिए शिकायती पत्र के आधार पर घटना की जांच शुरू कर दी है।