ककोर मुख्यालय पर हुई डूडा के विकास कार्यों की समीक्षा बैठक में डीएम ने मार्ग निर्माण में घटिया सामग्री का उपयोग करने पर एई पीडब्ल्यूडी के खिलाफ एफआईआर कराने के निर्देश दिए हैं। वहीं एक्सईएन पीडब्ल्यूडी को बिना अनुमति मुख्यालय छोड़ने पर एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए। बैठक की सूचना कई विभागों में पहुंचाने में कोताही बरतने पर पीओ डूडा को नोटिस जारी कर डीएम ने प्रतिकूल प्रविष्टि के निर्देश जारी किए हैं।
समीक्षा बैठक में डीएम माला श्रीवास्तव ने राष्ट्रीय आजीविका मिशन योजना के तहत 74 आवेदन पत्र वापस लौटाए जाने पर लीड बैंक मैनेजर को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण तलब किया। वहीं महिलाओं के समूह बनाए जाने में लापरवाही पर डीएम ने पीओ डूडा को प्रतिकूल प्रविष्टि के साथ नोटिस जारी करने के आदेश दिए हैं।
जबकि समूह के संचालन में खराब प्रगति पर आरओ डूडा रणवीर सिंह को सूडा को पत्र लिखने के निर्देश दिए। वहीं पिछले दिनों बिधूना में निरीक्षण के दौरान डीएम ने डूडा की ओर से बनाई गई इंटरलॉकिंग सड़क में मानक विहीन सामग्री का उपयोग पाए जाने पर एई पीडब्ल्यूडी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए।
इसके अलावा डीएम ने बैठक में कौशल विकास योजना के तहत आने वाले समूहों को लिफाफा बनाने की ट्रेनिंग दिए जाने के निर्देश दिए। वहीं नगर पालिका ईओ राधा तिवारी को शहर में पॉलीथिन के हो रहे उपयोग पर रोकथाम लगाने को छापामारी अभियान चलाने के निर्देश दिए।
वहीं समूहों को ट्रेनिंग दे रही संस्था केडर्स प्रशिक्षण कंपनी को प्रशिक्षण के संचालन में खामियां पाए जाने पर नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। बाबरपुर-अजीतमल में आरएनएम योजना के तहत चल रहे कार्य में गुणवत्ता विहीन सामग्री के उपयोग की शिकायत पर डीएम ने सीडीओ को जांच करने के आदेश दिए। वहीं अटसू में आसरा योजना के तहत 252 आवासों के निर्माण में उपयोग की जा रही सामग्री की जांच कराने को एक्सईएन पीडब्लूडी को निर्देश दिए।
इस दौरान डीएम ने ईओ नगर पालिका राधा तिवारी को रैन बसेरा निर्माण के लिए भूमि उपलब्ध कराए जाने के साथ ही जल्द से जल्द निर्माण कार्य शुरू कराए जाने के निर्देश जारी किए। इस मौके पर बैठक में सभी संबंधित जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।