जिला विज्ञान क्लब की ओर से बुधवार को महोत्सव में विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इसमें जिले भर से आए बेसिक व माध्यमिक कक्षाओं के बच्चों ने मॉडल सजाकर अपनी वैज्ञानिक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रदर्शनी में सबसे अच्छे मॉडल को प्रदर्शित करने पर सोमेश को नन्हे वैज्ञानिक खिताब से नवाजा गया। श्री गोपाल इंटर कालेज के जयकिशन का मॉडल सर्वश्रेष्ठ घोषित किया गया।
विज्ञान प्रदर्शनी में पं. बाबूराम एकेडमी जसवंतपुर, आकांक्षा स्कूल, याकूबपुर, ज्ञानस्थली एकेडमी, सेंट फ्रांसिस एकेडमी आनेपुर, श्री गोपाल इंटर कालेज, बुद्धमती इंटर कालेज, नारायण उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, तिलक इंटर कालेज, डा. लोहिया इंटर कालेज एरवाकटरा, एकेएम इंटर कालेज, केवलानंद इंटर कालेज बेल्हूपुर के अलावा, बेसिक शिक्षा विभाग, राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस, एकीकृत शिक्षा एवं स्वास्थ्य, खानपुर, फफूंद की ओर से वैज्ञानिक सोच पर आधारित मॉडल प्रदर्शित किए गए।
प्रर्दशनी में स्कूली बच्चों ने मल्टी वैरल गन, तोप, पानी शुद्धीकरण संयत्र, सोलर कुकर, यांत्रिक ऊर्जा, हार्वेस्ट प्रोटेक्शन अलार्म, मल्टी इमेज विवर, हाइड्रोलिक क्रेन, बुलेट ट्रेन इंजन का कार्य प्रणाली दर्शाती मेग्नेट डंबर, रैनफाल साइकिलिंग, माइक्रोस्कोप व पर्यावरण प्रदूषण के कारण आदि पर आधारित मॉडल प्रदर्शित किए।
इन मॉडलों का अवलोकन करने के बाद निर्णायक मंडल की ओर से जूनियर वर्ग में श्री राधाकृष्ण इंटर कालेज, कटरा मने, फफूंद के सोमेश दुबे को प्रथम घोषित करते हुए साल 2016 के लिए नन्हे वैज्ञानिक के खिताब से नवाजा गया। इसी वर्ग में सेंट जोसेफ एकेडमी के हिमांशु को द्वितीय तथा सरस्वती विद्या मंदिर दिबियापुर के हर्षित गुप्ता व तिलक इंटर कालेज के छात्र अमित कुमार को तृतीय विजेता घोषित किया गया।
इसी तरह सीनियर वर्ग के मॉडलों में श्री गोपाल इंटर कालेज के जयकिशन प्रजापति को प्रथम, श्री राधाकृष्ण इंटर कालेज के आदित्य कुमार को द्वितीय तथा डा. लोहिया इंटर कालेज की छात्रा प्रतीक्षा गुप्ता तीसरे स्थान पर घोषित की गईं। प्रदर्शनी में शहर के सेंट फ्रांसिक एकेडमी तथा ग्रामीण क्षेत्र से आकांक्षा स्कूल, याकूबपुर को चल वैजंती पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
उन्नत विज्ञान, प्रगति का निशान
औरैया। महोत्सव में बुधवार को विज्ञान प्रदर्शनी आयोजित की गई। इसमें वक्ताओं ने विज्ञान और धर्म को एक-दूसरे का अनुपूरक बताते हुए विज्ञान की उन्नति से देश का विकास टिका होने की बात कही। विज्ञान प्रदर्शनी की शुरूआत जिला पंचायत अध्यक्ष राजवीर सिंह ने किया। उन्होंने विज्ञान को देश की तरक्की का आधार बताया। कहा कि बच्चों के में वैज्ञानिक सोच पैदा करने के लिए ऐसे आयोजन जरूरी हैं।
जिला विज्ञान क्लब के समन्वयक कौशल किशोर पांडेय ने कहा कि उन्नत विज्ञान प्रगति का निशान है। उन्होंने विज्ञान और धर्म को एक दूसरे के पूरक बताया। बोले धर्म के बिना विज्ञान विनाश की ओर तथा विज्ञान के बिना धर्म अंधता की ओर झुकता है। प्रधानाचार्य परिषद के प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश अग्निहोत्री ने कहा कि हृदय और दिमाग से किया गया कार्य विज्ञान है। इस मौके पर विशिष्ट अतिथि के रूप में मुख्य विकास अधिकारी सतेंद्रनाथ चौधरी ने जिला विज्ञान क्लब की सराहना की। इस मौके पर सपा जिलाध्यक्ष शिवनाथ सिंह यादव, जिला पंचायत सदस्य पति रवि राजपूत, रामसेवक, प्रधानाचार्य परिषद के उमाकांत दीक्षित, मनोज शुक्ला, आन्जनेय सहाय अवस्थी आदि मौजूद रहे।