औरैया। जिले में इन दिनों बिजली उपभोक्ताओं के घरों में स्मार्ट मीटर लगाए जाने का काम चल रहा है। बुधवार को एक्सईएन सुनील कुमार ने इसे लेकर लाइनमैन की टीम को वार्डों में पहुंचकर उपभोक्ताओं को जागरूक करने के लिए रवाना किया।
एक्सईएन सुनील कुमार ने बताया कि बिजली उपभोक्ता अपने घरों में स्मार्ट मीटर लगवाने में सहयोग करें। इससे विद्युत व्यवस्था को और ज्यादा पारदर्शी और आधुनिक बनाया जा सकेगा। उन्होंने बताया कि विभाग की योजना के अनुसार जून तक सभी घरों में स्मार्ट मीटर लगाने का लक्ष्य है। इसके सापेक्ष 30 हजार घरों में ये मीटर लग भी चुके हैं।
वार्डों में यह कार्य तेजी से चल रहा है। स्मार्ट मीटर लगने से उपभोक्ताओं को कई प्रकार के फायदे मिलेंगे। जैसे बिजली खपत की सही जानकारी, बिलिंग में पारदर्शिता और गलत बिल की समस्या से निजात मिल जाएगी। इसके साथ ही बिजली चोरी पर भी अंकुश लगेगा। स्मार्ट मीटर के जरिए उपभोक्ता अपनी बिजली खपत को मोबाइल एप पर आसानी से देख सकेंगे। अपनी जरूरत के अनुसार उपयोग को नियंत्रित कर पाएंगे।