अजीतमल। चचेरे भाई बहन के बीच प्रेम प्रसंग के मामले में पिता ने प्रेमी समेत छह लोगों पर बेटी के उत्पीड़न का आरोप लगाया है। वहीं, रविवार को शव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में फंदे से मौत की पुष्टि हुई है। हालांकि, पुलिस ने तहरीर मिलने से इन्कार किया है।
मृतका के पिता सोनेलाल ने कोतवाली पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि बेटी रोली के प्रेमी सहित उसके परिवार के छह लोगों द्वारा कई महीनों से उसका उत्पीड़न किया जा रहा था। पिता ने तहरीर में बताया गया है कि उसके घर के पास रहने वाला नामजद बेटी को बहला फुसला कर उससे कोर्ट में शादी करना चाहता था। यह बात पुत्री ने अपनी मां को बताई थी।
इसी बात को लेकर अक्सर दोनों परिवारों में विवाद भी होता था, लेकिन आपसी घर परिवार होने के चलते दोनों को समझा बुझाकर शांत कर दिया जाता था। गुरुवार दोपहर नामजद ने उसकी पुत्री की मारपीट करते हुए धमकी दी थी। आरोपी ने कहा था कि यदि बेटी कोर्ट मैरिज नहीं करेगी तो पूरे परिवार को बर्बाद कर देंगे।
इसके बाद बेटी ने कमरे में जाकर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी। हालांकि कोतवाली पुलिस ने तहरीर मिलने से साफ इंकार किया है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राजकुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हैंगिंग आई है। अभी तक तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। प्राप्त होने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।