अयाना। अयाना रजबहा से निकली सिल्ट की उठान के लिए ठेकेदार ने अधिकारियों को गुमराह कर पांच बाइकों को ट्रैक्टर दर्शा कर अनुमति ले ली थी।
पोल खुलने के बाद जिम्मेदार अधिकारी एक-दूसरे विभाग पर ठीकरा फोड़कर किनारा कर रहे हैं। इधर, बिना नंबर प्लेट की ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से सिल्ट की उठान कराई जा रही है।
भोगनीपुर प्रखंड निचली राम गंगा नहर इटावा के अयाना रजबहा से किमी संख्या शून्य से लेकर 7.420 तक निकाली गई सिल्ट की ई-लॉटरी के जरिए नीलामी की गई थी। समिति ने सिल्ट नीलामी का अनुबंध विनोद कॉन्ट्रैक्टर के साथ 15 नवंबर 2025 को किया था।
अनुबंधित स्थान से सिल्ट उठान के लिए ठेकेदार की ओर से समिति को तीन बुलडोजर व 26 ट्रैक्टर की सूची सौंपी गई थी। इसमें ठेकेदार ने धोखाधड़ी कर ट्रैक्टर के स्थान पर करीब पांच बाइकों की पंजीकरण संख्या दर्शा कर मिट्टी उठान की अनुमति भी ले ली।
ठेकेदार को 25 अप्रैल तक सिल्ट की उठान करवानी है। मामला अधिकारियों के पास तक पहुंचने के बाद भी जिम्मेदार ने एक दूसरे विभाग के कार्रवाई करने की बात कह किनारा कर रहे हैं। वहीं ठेकेदार की ओर से बिना नंबर प्लेट के ट्रैक्टर-ट्रॉलियों का प्रयोग कर सिल्ट उठान का कार्य किया जा रहा है।
-
वर्जन
मेरे पास सिंचाई विभाग की ओर से स्वीकृति से पहले वाहनों की जांच करने के लिए कोई फाइल नहीं भेजी गई थी। सिंचाई विभाग की ओर से सिल्ट उठान के लिए अनुबंधित ट्रैक्टरों व बुलडोजरों पर कार्रवाई न करने के लिए पत्राचार किया गया था। टेंडर के दौरान सिंचाई विभाग की ओर से ही ठेकेदार की ओर से दर्शाए गए वाहनों के प्रपत्रों की जांच की गई होगी। सिंचाई विभाग ही मामले में कार्रवाई करेगा।
-नानक चंद्र शर्मा, एआरटीओ
-
सिल्ट उठान का अनुबंध होने के बाद संबंधित विभागों व पुलिस को प्रतिलिपि भेजी गई थी। सिल्ट ढुलाई में मानक पूरे न करने पर कार्रवाई की जिम्मेदारी खनिज विभाग व परिवहन विभाग की है।
-अनिरुद्ध कुमार, जेई, सिंचाई विभाग
-